विशाल बत्रा जन परिषद घोड़ाडोंगरी चैप्टर के अध्यक्ष मनोनीत
संस्था के अध्यक्ष पूर्व डीजीपी एन के त्रिपाठी ने की नियुक्ति
बैतूल। अखिल भारतीय स्तर की सामाजिक संस्था जन परिषद में वरिष्ठ पत्रकार एवं समाजसेवी विशाल बत्रा को घोड़ाडोंगरी चैप्टर का अध्यक्ष मनोनीत किया गया है। जन परिषद के सारणी चैप्टर अध्यक्ष अब्दुल रहमान की अनुशंसा पर संस्था के अध्यक्ष पूर्व डीजीपी एनके त्रिपाठी द्वारा श्री बत्रा की इस पद पर नियुक्ति की गई है।
ज्ञात रहे कि जन परिषद राष्ट्रीय स्तर की सामाजिक संस्था है, जो कि गत 33 वर्षों से सामाजिक एवम् रचनात्मक कार्यों में सक्रिय होने के साथ साथ, कई ऐतिहासिक एवम् अभूतपूर्व संदर्भ ग्रन्थों का प्रकाशन कर चुकी है। संस्था पर्यावरण पर आठ अंतरराष्ट्रीय कॉन्फ्रेंस आयोजित कर चुकी है। संस्था के इस समय पूरे देश में 165 एवम् विदेशो में 5 चैप्टर्स बन चुके हैं। संस्था प्रतिवर्ष उन व्यक्तियों को अलंकृत भी करती है जो कि रचनात्मक एवम् सामाजिक सुधार के कार्यों को मूर्तरूप दे रहे हैं।
संस्था का मुख्य आधार मानवीय , सामाजिक एवम् राष्ट्रीय दृष्टिकोण है। श्री बत्रा के इस मनोनयन पर जिले के पत्रकारों, राजनेताओं एवं अन्य गणमान्य नागरिकों ने बधाइयां प्रेषित की हैं। श्री बत्रा ने इस नियुक्ति हेतु जन परिषद के अध्यक्ष पूर्व डीजीपी एनके त्रिपाठी, संयोजक रामजी श्रीवास्तव एवं अब्दुल रहमान का आभार मानते हुए कहा कि शीघ्र ही घोड़ाडोंगरी ब्लॉक में संस्था की कार्यकारिणी का गठन कर संस्था के उद्देश्य के अनुरूप सामाजिक कार्यों को गति दी जाएगी।